बलरामपुर। मकर संक्रांति पर्व 2026 के तातापानी महोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने महोत्सव के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर को नोडल अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बलरामपुर अभिषेक गुप्ता को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो संपूर्ण समन्वय और तैयारी की निगरानी करेंगे। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा, कानून व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन की जिम्मेदारी दी है, जबकि वन मंडलाधिकारी को बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा विभिन्न विभागीय और संबंधित अधिकारियों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन, विभागीय स्टॉलों का आवंटन, बैठक व्यवस्था, मेला स्थल का समतलीकरण, सुधार कार्य, ले-आउट तैयारी, बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, टेंट-पंडाल और साउंड सिस्टम की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्य दिए गए हैं। महोत्सव के दौरान दुकानों और सरकारी स्टॉलों के लिए स्थल चिन्हांकन एवं आवंटन, पार्किंग की सुविधा, मेला स्थलपर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, मंदिरपरिसर की साज-सज्जा, स्वच्छता व्यवस्था, नेटवर्किंग, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी तथा प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है। प्रशासन का लक्ष्य तातापानी महोत्सव को इस वर्ष और अधिक आकर्षक, सुरक्षित और सफल बनाना है।

