
बैंक पर मिलीभगत का आरोप, किसानों ने CM और मंत्री रामविचार नेताम को लिखा पत्र
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में धान बिक्री 2025-26 की राशि किसानों को नहीं मिलने से हड़कंप मचा है। पीड़ित किसानों ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री रामविचार नेताम को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरा मामला?
किसानों का आरोप है कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर की रामानुजगंज और रामचंद्रपुर शाखा के प्रबंधक ने फर्जी KCC ऋण का बहाना बनाकर उनके बैंक खाते होल्ड कर दिए हैं। इससे धान बेचने के बाद भी राशि किसानों को नहीं मिल रही।
किसानों का कहना है कि जनपद रामचंद्रपुर की आदिम जाति सेवा सहकारी समिति ने लिखित प्रमाण दिया है कि किसी भी किसान को नगद या वस्तु ऋण नहीं दिया गया। बावजूद इसके बैंक ने मिलीभगत कर फर्जी तरीके से KCC ऋण स्वीकृत दिखाकर राशि निकाल ली।
नियमों की उड़ी धज्जियां
नियमानुसार KCC ऋण समिति के माध्यम से किसानों के दस्तावेज और पात्रता के आधार पर प्रस्ताव बनाकर बैंक को भेजा जाता है। लेकिन यहां किसानों को जानकारी तक नहीं दी गई। बैंक कर्मचारियों ने बिना बताए ही फर्जी ऋण स्वीकृत कर राशि आहरण कर ली।
16 जून का अल्टीमेटम
पीड़ित किसानों ने दो मांगें रखी हैं:
- धान बिक्री 2025-26 की राशि का तत्काल भुगतान किया जाए
- फर्जी KCC ऋण का मामला खत्म किया जाए
किसानों ने चेतावनी दी है कि 16 जून 2026 तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
किसानों का कहना है कि कई बार आवेदन देने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही, जिससे वे आर्थिक तंगी झेल रहे हैं।
संवाददाता आनंद ठाकुर की रिपोर्ट बलरामपुर छत्तीसगढ़
