
रामानुजगंज। नगर के वार्ड क्रमांक 5 निवासी 36 वर्षीय श्रीकांत रवि की शुक्रवार रात सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि श्रीकांत अपनी पत्नी एवं बच्चों को लेने झारखंड के गढ़वा जिले के चामा गांव जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे छत्तीसगढ़ सीमा से लगभग 10 किलोमीटर दूर बरवाही क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि श्रीकांत गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
श्रीकांत रवि की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार श्रीकांत मिलनसार और सामाजिक स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
