बलरामपुर। जिले में साइबर ठगों की नई हरकत सामने आई है, जहां अज्ञात व्यक्तियों ने बलरामपुर-रामानुजगंज कलेक्टर राजेंद्र कटारा के नाम और फोटो का उपयोग करते हुए एक फर्जी व्हाट्सऐप अकाउंट बनाया है। इस अकाउंट से विभिन्न लोगों को संदेश भेजे जा रहे हैं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान नंबर +84349589853 से आने वाले संदेशों या कॉल का जवाब न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नंबर और इससे भेजे जा रहे संदेश पूरी तरह फर्जी हैं और साइबर अपराध का हिस्सा हैं। कलेक्टर ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि किसी को भी इस तरह की संदिग्ध आईडी से संदेश या कॉल प्राप्त होता है, तो वे बिना देरी किए उसे ब्लॉक करें और स्पैम के रूप में रिपोर्ट करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले की जांच करा रहा है और साइबर सेल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि, ऐसे मामलों में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध संदेश, लिंक या अनुरोध पर भरोसा न करें और तुरंत इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।
