
रामानुजगंज/बलरामपुर, 20 नवंबर 2025।
रामानुजगंज में नशे के कारण दो युवाओं की हालिया मौत के बाद आबकारी विभाग ने नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी सिलसिले में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 140 नग Onerex Cough Syrup जब्त किया। यह नगर में नशे के खिलाफ विभाग की दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
गुप्त सूचना पर टीम ने की घेराबंदी
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को 16 नवंबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पलटन घाट क्षेत्र में दो सप्लायर—राहुल गुप्ता और सरफराज अंसारी—बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप की डीलिंग करने वाले हैं। सूचना के आधार पर उड़नदस्ता टीम ने तत्काल रणनीतिक योजना बनाकर पलटन घाट मार्ग पर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर-दबोचा।
तलाशी के दौरान
राहुल गुप्ता की होंडा एक्टिवा (CG30G7112) से 80 नग,
सरफराज अंसारी की प्लैटिना बाइक (CG15CF8374) से 60 नग
Onerex Cough Syrup बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की गई।
प्रवीण कश्यप भी चढ़ा कानून के हत्थे
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि प्रतिबंधित कफ सिरप उन्हें वार्ड क्रमांक 3 निवासी प्रवीण कश्यप द्वारा सप्लाई किया गया था। इसके बाद आरोपियों ने पैसे के बहाने उसे बुलाया, जहां उड़नदस्ता टीम ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 21(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
तीनों आरोपियों को जेल रिमांड
20 नवंबर को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय, रामानुजगंज में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया। कार्रवाई से क्षेत्र के नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
टीम का सराहनीय योगदान
इस अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक तेजराम केहरी, मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह तथा महिला सैनिक अंजू एक्का की भूमिका उल्लेखनीय रही।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने कहा कि नशे के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
