रामानुजगंज के कराटे खिलाड़ियों ने पंजाब में आयोजित चौथी राष्ट्रीय मंसूरिया इंटरनेशनल ऑल स्टाइल ओपन मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। चार खिलाड़ियों ने कुल 8 मेडल (6 गोल्ड, 2 सिल्वर) जीतकर न सिर्फ रामानुजगंज बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
यह दो दिवसीय चैंपियनशिप बीते दिनों पंजाब राज्य के जालंधर स्थित डीएवी कॉलेज में आयोजित की गई थी। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से कुल 325 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ राज्य के सचिव और मुख्य ट्रेनर शिहान तरुण शर्मा ने बताया कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद रामानुजगंज के खिलाड़ियों ने कुमिते और काता वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सफलता अर्जित की।गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतेमेडल जीतने वाले खिलाड़ियों में आकृति पासवान ने सब-जूनियर अंडर 30 किलो वर्ग में कुमिते में गोल्ड और काता में सिल्वर मेडल जीता। महिमा सिंह सिदार ने सब-जूनियर अंडर 28 किलो वर्ग में कुमिते और काता दोनों में गोल्ड मेडल हासिल किया। सेजल विश्वकर्मा ने सब-जूनियर अंडर 60 किलो वर्ग में कुमिते में गोल्ड और काता में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। वहीं, कृष्ण कुमार विश्वकर्मा ने सीनियर अंडर 55 किलो वर्ग में कुमिते और काता दोनों में गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
8 मेडल के साथ रामानुजगंज टीम चौथे स्थान पर
रामानुजगंज की टीम ने कुल 8 मेडल जीतकर प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया। इस चैंपियनशिप में पंजाब प्रथम, असम द्वितीय और त्रिपुरा तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, तमिलनाडु, पंजाब, उत्तराखंड, असम, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और दिल्ली सहित कई राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
विजयी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
प्रतियोगिता से लौटने पर रामानुजगंज में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने खिलाड़ियों को पुष्पमालाओं से सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा, “हमारे ये खिलाड़ी नगर की शान हैं। पूरे देश के मंच पर प्रदर्शन कर आपने रामानुजगंज को गौरवान्वित किया है। आपकी लगन और अनुशासन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।”
