जिले के विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत अनिरुद्धपुर के भीतरी मोहल्ले में वर्षों से सहपुलिया निर्माण की मांग लंबित है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव दो टोला में बंटा हुआ है और बीच में बहने वाले नाले पर सहपुलिया नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। नाले में पानी भरने के बाद एक टोले के लोग दूसरे टोले तक नहीं पहुंच पाते, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित होता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। ग्रामीणों ने
बताया कि बारिश के दौरान नाले में पानी भर जाने से बच्चे कई दिनों तक स्कूल नहीं जा पाते, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित होती है। इसके अलावा बीमार या जरूरतमंद लोगों को भी समय पर मदद नहीं मिल पाती।
गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर अपनी समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वर्षों से सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आगामी बरसात से पहले सहपुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस दिशा में पहल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब्दुल कैश की रिपोर्ट….

