
बलरामपुर, 20 फरवरी 2026/ जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में पहल करते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित प्रोड्यूसर ग्रुप की उद्योग सखियों का 16 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक 05 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण जेंडर रिसोर्स सेंटर, बलरामपुर में आयोजित किया गया। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के द्वारा इस प्रशिक्षण का समय-समय पर अवलोकन करने के साथ ही प्रशिक्षण में शामिल सखियों का मार्गदर्शन भी किया गया।प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रोड्यूसर ग्रुप से चयनित उद्योग सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राज्य स्तरीय प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर एवं प्रदान संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभागियों को प्रोड्यूसर ग्रुप के गठन का उद्देश्य तथा समूह आधारित आजीविका संवर्धन की रणनीतियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान उद्योग सखियों को बाजार की मांग के अनुरूप आजीविका गतिविधियों के चयन, उत्पादों के मूल्य निर्धारण, लागत विश्लेषण, लाभांश गणना तथा प्रभावी विपणन रणनीतियों पर विशेष सत्रों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। ताकि समूह को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके।प्रोड्यूसर ग्रुप के सुचारु एवं पारदर्शी संचालन हेतु आवश्यक अभिलेखों एवं विभिन्न पंजीयों के रख-रखाव, उनके महत्व एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

05 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य उद्योग सखियों को प्रोड्यूसर ग्रुप की मजबूत रीढ़ के रूप में तैयार वित्तीय साक्षरता, विपणन कौशल एवं उद्यमिता के क्षेत्र में दक्ष बन सकें। इससे ग्रामीण महिलाओं को स्थायी एवं सशक्त आजीविका के अवसर प्राप्त होंगे।
