
रामानुजगंज नगर स्थित साई बाबा पब्लिक स्कूल का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के 370 से अधिक छात्र छात्राओं ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं नगरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।वार्षिक उत्सव का आयोजन रामानुजगंज में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल की मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने की, जबकि नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, नाट्य मंचन, एकल नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों का आत्मविश्वास, आकर्षक वेशभूषा और सटीक मंच संचालन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।मुख्य अतिथि ओमप्रकाश जायसवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों का प्रदर्शन विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की कड़ीमेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं।नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने अपने संबोधन में साई बाबा पब्लिक स्कूल को नगर की उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थाओं में से एक बताया। उन्होंने विद्यालय के संचालक डॉ. राकेश गुप्ता, प्रेमचंद गुप्ता एवं मनोज गुप्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति उनके समर्पण का सकारात्मक परिणाम विद्यार्थियों की उपलब्धियों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।विद्यालय प्रमुख मनोज गुप्ता ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं अन्य प्रमुख कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आयोजन में भाजपा की पूर्व मंडल अध्यक्ष शर्मिला गुप्ता, कन्हैया लाल अग्रवाल, गौतम सिंह सहित बड़ी बड़ी संख्या में अभिभावक एवं नगरवासी उपस्थित रहे।साई बाबा पब्लिक स्कूल का यह वार्षिक उत्सव शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा के समन्वय का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।
