छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2024 के परिणाम गुरुवार देर रात जारी हुए, और इस बार सरगुजा संभाग की प्रतिभाओं ने राज्य भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। मैनपाट की चंचल पैंकरा और सीतापुर के मयंक मंडावी ने अनुसूचित जनजाति श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।मैनपाट के काराबेल गांव की चंचल पैंकरा ने एसटी वर्ग में पहला स्थान प्राप्त कर डिप्टी कलेक्टर पद हासिल किया है। चंचल एक साधारण लेकिन संघर्षशील परिवार से आती हैं। उनके पिता रघुबर प्रसाद पैंकरा सब्जी विक्रेता और मां शुन्तिला पैंकरा गृहिणी हैं। आर्थिक सीमाएँ, कठिन हालात और संसाधनों की कमी — ये सभी बाधाएँ चंचल के सपनों के सामने टिक नहीं पाईं। छोटे से गांव से निकलकर राज्य प्रशासन की शीर्ष सूची में नाम दर्ज करना उनके जज्बे और संकल्प का प्रमाण है।
