
बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में 22 अक्टूबर को नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगर के सभी 7 छठ घाटों का निरीक्षण किया।इस दौरान अध्यक्ष ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल स्तर की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरुरी दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
घाटों पर रेत की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई
इस बार नदी में जल स्तर को लेकर समस्या आ रही थी, क्योंकि एनीकट के दो गेट नहीं खुले थे, जिससे पर्याप्त रेत नहीं आ पा रहा था। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए खुद मौके पर पहुंचकर जल संसाधन विभाग के अनवर खान और नरेंद्र विश्वकर्मा के प्रयासों से दोनों गेट खुलवाए। इससे घाटों पर रेत की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी है।
घाट की सजावट और लाइटिंग की जा रही
नगर के राम मंदिर घाट पर छठ पूजा की विशेष भव्यता देखने को मिलती है। यहां नवयुवक दुर्गा पूजा संघ द्वारा कई दिनों पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। घाट की सजावट, लाइटिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए कार्य योजना बनाकर काम किया जा रहा है।
प्रशासन व्यवस्था पर दे रहा ध्यान
रामानुजगंज में छठ पूजा की परंपरा कई दशकों से चली आ रही है। यहां छत्तीसगढ़ के कई जिलों के साथ-साथ झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, चिकित्सा और पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समितियों के सहयोग से हो रही तैयारी
अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका, पार्षदों और छठ पूजन समितियों के सहयोग से तैयारियां समन्वित रूप से की जा रही हैं। घाटों की साफ-सफाई, रोशनी सहित अन्य व्यवस्थाएं स्थानीय पार्षद और छठ पूजन समितियों के सहयोग से सुनिश्चित की जा रही हैं। इस दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद और अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
