
रामानुजगंज नगर में आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नगर के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में नगर वासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमन अग्रवाल के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शिव भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में महाशिवरात्रि पर्व को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम एवं भव्यता के साथ मनाए जाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यों का विभाजन किया गया, ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
चर्चा के दौरान विशेष रूप से प्राचीन शिव मंदिर परिसर में लगने वाले महाशिवरात्रि मेले को व्यवस्थित स्वरूप देने, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही परंपरागत रूप से निकलने वाली शिव बारात, भंडारे के आयोजन तथा महामाया मंदिर में संपन्न होने वाले पानी ग्रह संस्कार को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि नगर की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा उत्सव है, जिसे पूरे नगर वासियों के सहयोग से भव्य रूप दिया जाना चाहिए। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरे नगर की सहभागिता सुनिश्चित करने पर सहमति जताई।
अंत में यह निर्णय लिया गया कि सभी नागरिक, सामाजिक संगठन एवं स्वयंसेवक मिलकर महाशिवरात्रि पर्व को श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के साथ मनाएंगे, ताकि यह आयोजन नगर के लिए यादगार बन सके। बैठक में मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, उदय गुप्ता, श्याम कुशल पांडे, विनय पांडे, अर्जुन दास, अजीत गुप्ता, बहादुर सिंह, अनूप कश्यप, अंकित गुप्ता, सुमित गुप्ता, ओमप्रकाश ठाकुर, मनी पासवान, विकास केसरी, अविनाश चंद्रवंशी, कृष्णा पासवान, विनोद केसरी, प्रेमचंद गुप्ता, विकास दुबे एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे,
