
रामानुजगंज में श्री श्याम लाडला परिवार द्वारा आयोजित श्री श्याम जन्मोत्सव भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। वार्ड क्रमांक 9 स्थित लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में हुए इस आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गणेश वंदना के साथ किया गया। इसके बाद देर रात तक चली भजन संध्या में भक्तों ने बाबा श्याम के भजनों पर झूमते रहे।
रेणुकूट से आए प्रसिद्ध भजन गायक कृष्णा शर्मा, संजना सवारियां और संजीव सवारियां ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत किए। स्थानीय कलाकार सुजीत सोनी एंड ग्रुप ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति दी।
जन्मोत्सव के लिए हॉल को आकर्षक रूप से सजाया गया था। बाबा श्याम की झांकी और पुष्प सज्जा मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान ‘ले चलो री मुझको खाटू नगर’ और ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे’ जैसे भजनों पर भक्तगण भावविभोर होकर नाचते-गाते दिखे।
श्री श्याम भक्तों द्वारा कई दिन पूर्व से इस जन्मोत्सव की व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। आयोजक श्री श्याम लाडला परिवार, रामानुजगंज के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में भक्ति, प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाना है।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें पूरा वातावरण ‘जय श्री श्याम’ के जयघोष से गूंज उठा।
